संवाद न्यूज एजेंसी
महेंद्रगढ़। दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण से शहर की सड़कें सिकुड़ती जा रही हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने शहर की सड़कों की वास्तविक चौड़ाई जानने के लिए पैमाइश शुरू करा दी है। पैमाइश की रिपोर्ट आने के बाद नगर पालिका प्रशासन अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाएगा। इससे जाम से निजात मिलेगी।
नगर पालिका की ओर से गिरदावर व पटवारी की टीम को पैमाइश की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो तीन दिनों में पैमाइस की रिपोर्ट बनाकर नपा को सौंपेगी। शहर की सभी सड़कों की पैमाइश पूरी होने से उनकी वास्तविक चौड़ाई और लोगों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण का भी सही रिकार्ड मिल सकेगा। सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए भी नपा ने योजना तैयार कर ली है। दुकानों के सामने सीढ़ी व चबूतरे बनाकर दुकानदारों की ओर से लगातार पक्का अतिक्रमण कर लिया गया है। इस अतिक्रमण से शहर की अच्छी खासी चौड़ी सड़कें भी तंग गलियों में बदल गई हैं जससे दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है।
शहर में सब्जी मंडी रोड, आईटीआई रोड, सिनेमा रोड, परशुराम चौक से मसानी चौक, गोशाला रोड, रेलवे रोड, रोड की स्थिति काफी चिंताजनक हैं। यहां अतिक्रमण से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। मसानी चौक के पास सिनेमा रोड की चौड़ाई महज 12 फुट ही शेष रह जाती है। ऐसे में सुबह-शाम जाम लगना आम बात हो गई है। जब दो वाहन एक साथ आमने-सामने से आते हैं तो आगे-पीछे करने के चक्कर में वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं।
-
हर साल बढ़ता जा रहा अतिक्रमण
नगरपालिका की प्रत्येक सड़क का रिकार्ड लंबे समय से उपलब्ध है लेकिन जिम्मेदारों ने कभी अपनी सड़कों की लंबाई-चौड़ाई मापने तक का प्रयास नहीं किया। नपा की इस उदासीनता से दुकानदारों के हौसले लगातार बढ़ते गए और अतिक्रमण से सड़कें सिकुड़ती गईं। शहर की मुख्य सड़कों पर हर वर्ष अतिक्रमण किया जाता है। दुकानदार दुकानों के सामने सीढि़यां, चबूतरे बना देते हैं और टिनशैड, तिरपाल लगाकर अतिक्रमण करते हैं। हालांकि नगरपालिका की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर खानापूर्ति तो खूब की जाती है। लेकिन सड़कों की पैमाइश को लेकर कभी गंभीरता नहीं दिखाई।
- वर्जन: 1
शहर की सड़कों की पैमाइश का काम शुरू कर दिया गया है। इससे सड़कों की वास्तविक चौड़ाई और अतिक्रमण की स्थिति का पता चलेगा। राजस्व विभाग की टीम इसकी रिपोर्ट तैयार कर तीन दिनों में नपा को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर सड़कों के दोनों किनारों पर लगे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। - रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़।
-
- वर्जन: 2
सड़कें ही आवागमन को सुगम बनाती हैं लेकिन इनपर ही अतिक्रमण होता है तो आमजन व शहरवासियों को परेशानी होती है। शहर के लोग समस्याओं के प्रति गंभीर हैं। शहरवासियों एवं दुकानदारों से अपील की गई है कि वे सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर को सुंदर बनाने में नपा एवं प्रशासन का सहयोग करें।- अनिल कुमार, उपमंडल अधिकारी नागरिक, महेंद्रगढ़।