फोटो 3मैराथन दौड़ में हिस्सा लेते युवा।संवाद
नारनौल। शहर के आईटीआई से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक नागरिकों ने मैराथन से जन-जन तक योग करने का संदेश दिया। मैराथन में मुख्य अतिथि के तौर पर उपायुक्त डॉ. विवेक भारती मौजूद थे।
हरियाणा योग आयोग और आयुष विभाग की ओर से आयोजित इस मैराथन में गांव गहली की रवीना और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कांवी के मोहित को योग मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर रोटरी क्लब नारनौल ने 5100-5100 रुपये का पुरस्कार दिया। गांव तोबड़ा की लवन्या और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कांवी के दीपक को द्वितीय स्थान मिलने झल्लूराम स्मारक समिति नांगल काठा की ओर से 2100-2100 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि योग देश की प्राचीन पद्धति है। योग मैराथन का मुख्य मकसद लोगों को योग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल और योग को जीवन का हिस्सा बनाएं। युवा जीवन में जो भी मुकाम हासिल करेंगे वहां पर खेल एवं योग उनके शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य में बहुत बड़ा योगदान देगा।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हिस्सा लें। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव ने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार योग को बढ़ावा दे रही है। इस अवसर पर जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. शशि बाला ने आगंतुकों का धन्यवाद किया तथा डॉ. ललित जोशी ने स्वागत संबोधन दिया।
इस मौके पर नांगल चौधरी के एसडीएम मनोज कुमार, नगराधीश मंजीत कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार, भाजपा के पूर्व जिला प्रधान दयाराम यादव, रोटरी क्लब से विनोद चौधरी तथा झल्लूराम स्मारक समिति से राजेश कुमार, डॉ. सतीश कुमार तथा रेडक्रॉस से टेकचंद यादव आदि मौजूद थे।