नारनौल। जीआरपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अटेली स्टेशन यार्ड के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सोमवार सुबह पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को नारनौल के नागरिक अस्पताल में रखवाया है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।
जीआरपी चौकी इंचार्ज कैलाश चंद ने बताया कि सुबह करीब सवा चार बजे न्यू अटेली से न्यू डाबला स्टेशन के बीच अटेली स्टेशन यार्ड के पास एक व्यक्ति का शव पड़ृा होने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षत विक्षत हालत में शव को अपने कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। स्टेशन यार्ड के पास मौजूद रेलवे के कर्मचारी ने बताया कि एक व्यक्ति ट्रैक के बीचों बीच बेसुध होकर बैठा हुआ था और उसको मालगाड़ी के आने पर वहां से हट जाने के लिए भी बोला गया। इसके बाद व्यक्ति ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी व ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है, उसी के माध्यम से उसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।