नारनौल। पुलिस ने सुरानी गांव में चोरी के आरोपी ढाणी बाठोठा के दीवान सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख के सोने व चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी एक नाबालिग किशोर को पैसे और नशे का लालच देकर चोरी करने के लिए भेजता था।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि 21 फरवरी को गांव सुरानी निवासी किरोड़ीमल ने एफआईआर दी थी कि सुबह से दोपहर के बीच, जब वह उसके घर पर ताला लगाकर बाहर गए हुए थे, तब किसी ने उसके मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
पुलिस टीम ने सक्रियता से सुराग जुटाए और ढाणी बाठोठा निवासी आरोपी दीवान सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस की सघन पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। इस मामले की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दीवान नाबालिग को चोरी करने के लिए भेजता था।
वहीं पुलिस ने आरोपी से चार सोने के कडे़, एक मंगलसूत्र टिक्का बड़ा, एक मंगलसूत्र टिक्का छोटा, एक कंठी सोना बिना चेन, एक झुमकी चेन सहित, एक झुमकी बिना चेन, एक जोड़ी टोपस सोना, एक जोड़ी कान का टोपस सोना, तीन चेन सोना, एक अंगूठी सोना जैन्ट्स, तीन अंगूठी सोना लेडिज, एक अंगूठी चांदी जैन्ट्स, 5 लौंग नाक की सोना, 8 सिक्के चांदी को बरामद किए हैं।
इसके अलावा आरोपी के पास से 7 सोने की चूड़ियां, 2 सोने की अंगूठी, 2 जोड़ी सोने के टॉप्स, 3 सोने की लौंग, 6 जोड़ी चांदी की पाजेब, एक पुरानी चांदी की अंगूठी और 3 चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी अन्य किन चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।