फोटो संख्या:66 पुलिस गिरफ्त में आरोपी। संवाद
कनीना। गांव चेलावास में जमीन विवाद को लेकर हुई 55 वर्षीय ओमपती की हत्या के मामले में कनीना शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने कार्रवाई में ऋतुराज निवासी बुडोली जिला रेवाड़ी, विनोद और संदीप निवासी चेलावास को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मामले में लखीराम, बिमला और कविता को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि आरोपी संदीप को रेलवे स्टेशन रेवाड़ी से जबकि ऋतुराज और विनोद को बुडोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी संदीप और ऋतुराज को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि विनोद को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। गौरतलब है कि गांव चेलावास में एक ही परिवार के सदस्यों के बीच करीब पांच एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश के चलते गत दिनों रात के समय आरोपियों ने ओमपती पत्नी स्वर्गीय राज सिंह के घर में घुसकर कुल्हाड़ी, फरसा और लाठियों से हमला कर दिया था। मृतका के जेठ सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर थाना शहर कनीना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप था कि वारदात में परिवार के ही अनेक सदस्य शामिल थे।
पुलिस इससे पहले मामले में लखीराम, बिमला और कविता को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल छह लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इसी परिवार में जमीन विवाद को लेकर पिछले वर्ष दयानंद की हत्या भी हुई थी। उस मामले में दयानंद के पोते पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा था। ग्रामीणों के अनुसार करीब पांच एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तक परिवार के तीन सदस्यों की जान ले चुका है, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
फोटो संख्या:66 पुलिस गिरफ्त में आरोपी। संवाद