नारनौल। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर रेवाड़ी में खेल विभाग द्वारा खो-खो इंटर काॅलेज चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेपी यादव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को सकारात्मक खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहित किया।
कुलसचिव प्रोफेसर तेज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 17 टीमों ने भाग लिया। इनमें 05 टीमें पुरुष वर्ग एवं 12 टीमें महिला वर्ग से रही। लड़कियों की टीम में प्रथम स्थान पर राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर 18 रेवाड़ी, दूसरे स्थान पर यदुवंशी डिग्री कालेज महेंद्रगढ़ एवं तीसरे स्थान पर आईजीयू मीरपुर की टीम रही। वहीं, लड़कों की टीम में प्रथम स्थान पर आईजीयू मीरपुर की टीम एवं द्वितीय स्थान पर राजकीय महाविद्यालय खरकड़ा एवं तीसरे स्थान पर यदुवंशी डिग्री काॅलेज नारनौल की टीम रही।
स्पोर्ट्स डायरेक्टर प्रोफेसर अदिति शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कड़ी मेहनत के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक विकास के साथ-साथ खेलों के द्वारा मानसिक विकास का होना भी जरूरी है। इस अवसर पर अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रोफेसर मंजू परुथी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग प्रोफेसर करण सिंह, निदेशक युवा कल्याण डॉ. रविंद्र, डॉ. ईश्वर शर्मा, वित्तीय अधिकारी अनिल कुमार, स्पोर्ट्स असिस्टेंट डायरेक्टर देवेंद्र ढाका व हनुमंत सहित अनेकों लोग उपस्थित रहे।