महेंद्रगढ़। शहर के विकास को लेकर सोमवार को बुलाई गई बजट बैठक स्थगित हो गई। इसमें 15 वार्ड पार्षदों में से महज चार पार्षद ही बैठक में उपस्थित रहे जबकि 11 पार्षद नदारद रहे। अब यह बैठक बुधवार को पुन: बुलाई गई है।
शहर के विकास के लिए 23 एजेंडों पर चर्चा की जानी थी और इसमें 39.92 करोड़ के विकास कार्यों पर मुहर लगने लगनी थी। नगर पालिका की ओर से शहर के विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर सोमवार को बजट ब बैठक बुलाई गई थी।
इस बैठक में प्रधान रमेश सैनी, सचिव गौरव सांगवान, एमई राजेश कौशिक सहित वार्ड नंबर एक से पार्षद सरिता राठी, वार्ड नंबर तीन से अशोक सैनी, वार्ड चार से ममता सोनी, वार्ड नंबर दस से सीमा रानी, मनोनीत पार्षद मुकेश कुमार व लक्ष्मीकांत शर्मा ही इस बैठक में पहुंच पाए।
इनके अलावा कोई भी पार्षद बैठक में नहीं पहुंचे। एक घंटे इंतजार करने के बाद कोरम के अभाव में अधिकारियों की ओर से इस बैठक को स्थगित कर बुधवार को पुन: बुलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में टेक्स, नीलामी, विभिन्न नागरिक सुविधाओं के चार्ज, दस्तावेज फीस, जुर्माना, आमदनी, लोन, विभागीय खर्च व अन्य मुद्दों पर चर्चा की जानी थी। साथ ही पिछले सालों में हुए खर्च का भी ब्योरा प्रस्तुत किया जाना था।
नगर पालिका के प्रधान रमेश सैनी ने बताया कि नगर पालिका की ओर से बजट बैठक को लेकर सभी वार्ड पार्षदों को तीन दिन पूर्व ही पत्र के माध्यम व मोबाइल की ओर से सूचना देकर जानकारी दी गई थी लेकिन कोई भी पार्षद बैठक में नहीं पहुंचे।