हरियाणा के महेंद्रगढ़ के कनीना उपमंडल के गांव खेड़ी-तलवाना में मंगलवार को राजपूत समाज की ओर से महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू व राजपूत नेता ठाकुर पूर्ण सिंह मुज्जफरनगर तथा राजस्थान से महीपाल सिंह मकराना मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। महापंचायत में जिलेभर के राजपूत समाज से 200 से अधिक लोग शामिल हुए।
महीपाल सिंह मकराना ने कहा कि गुजरात में भाजपा सांसद उम्मीदवार पुरुषोत्तम रूपाला क्षत्राणियों पर अभद्र टिप्पणी करता है जिसके बाद उसको टिकट न देने की मांग की थी लेकिन अभी तक टिकट नहीं काटी गई तथा वह चुनाव का प्रचार कर रहा है। भारतीय राजपूत ने एकजुट होकर बात रखी थी कि जो पार्टी राजपूत समाज का सम्मान नहीं करती उसका विरोध करेंगे। समाज की अनदेखी करने वाली पार्टियों को चुनावों में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
राजपूत नेता ठाकुर पूर्ण सिंह ने कहा कि सात अप्रैल को पहली बार राजपूत समाज की महापंचायत सहारनपुर में हुई थी। 19 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव था। हमारे समाज के इतिहास के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, ये बर्दाश्त के बाहर है। राजपूत समाज ने सम्मान न देने वाली पार्टी के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
वहीं करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने कहा की हरियाणा के 10 लोकसभा सीटों पर करीब 20 लाख राजपूत समाज के वोट हैं। राजपूत समाज को एकता व एकजुट के लिए जाना जाता है। हमारे इतिहास के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जिसे राजपूत समाज बर्दाश्त नहीं करेगा।
राजपूत एक ही समाज ऐसा समाज है, जिसने एक पार्टी को सत्ता में लाने का संकल्प पूरा किया था। उसके बावजूद इस पार्टी के नेता और शीर्ष नेतृत्व राजपूत समाज की उपेक्षा कर रहे हैं। यह राजपूत समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा और हम ऐसी पार्टी का बहिष्कार करते हैं।
इस दौरान एडवोकेट मनदीप खेड़ी, विनोद राणा, रामनिवास बंसल, ठाकुर राहुल तंवर, मोनू तंवर, संजय सिंह, दिनेश तंवर, सतेंद्र शेखावत, पवन सरपंच भोजावास, रमेश चौहान इसराना, सत्येंद्र मास्टर सतनाली, सवाई सिंह राठौड़ अधिवक्ता, अनमोल तंवर सहित अनेक को राजपूत समाज के लोग मौजूद रहे।