फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahendragarh-Narnaul News: जगन्नाथ के रंग में रंगा महेंद्रगढ़, ढोल-मंजीरों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

विज्ञापन
फोटो संख्या:72- गोशाला रोड पर रथयात्रा के दौरान झूमते श्रद्धालु--संवाद
विज्ञापन
महेंद्रगढ़। शहर में रविवार का दिन भक्ति और आस्था के नाम रहा। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) की ओर से पहली बार भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया। भव्य रथयात्रा मोहल्ला सैनीपुरा से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई समारोह स्थल पर पहुंची। यहां महाआरती के साथ यात्रा का समापन हुआ।
विज्ञापन

सैनी सभा के प्रधान सुरेश सैनी ने बताया कि महेंद्रगढ़ की धरती पर पहली बार भगवान जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा को लेकर शहर में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि विधायक कंवर सिंह यादव ने सैनी सभा से रथ को रवाना किया। इससे पहले शहर के विभिन्न चौक-चौराहों को रंगोली, फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया।
रथयात्रा दोपहर बाद प्राचीन शिव मंदिर सैनी हाई स्कूल, सैनीपुरा से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा 11 हट्टा बाजार, भगवान परशुराम चौक, सब्जी मंडी रोड और बालाजी चौक होते हुए शाम करीब आठ बजे समारोह स्थल पर पहुंची। भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के सजे हुए रथ को श्रद्धालुओं ने रस्से के माध्यम से खींचा। पूरे शहर में हरिनाम संकीर्तन की गूंज सुनाई दी।
विज्ञापन

यात्रा में जिलेभर से करीब पांच हजार महिला-पुरुष श्रद्धालु, संत-महात्मा और विदेशी श्रद्धालु भी शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने ढोल-मंजीरों की धुन पर नृत्य करते हुए भगवान का गुणगान किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रसाद और पेयजल की व्यवस्था की गई। 11 हट्टा बाजार, भगवान परशुराम चौक और बालाजी चौक पर शरबत, खीर और मालपुआ का प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन के दौरान 11 क्विंटल से तैयार खिचड़ी का प्रसाद भी श्रद्धालुओं में बांटा गया। शहर के कई स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शहर में सकारात्मक ऊर्जा, प्रेम और भाईचारे का संदेश लेकर आई है। उन्होंने क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
सैनी सभा के प्रधान सुरेश सैनी ने कहा कि यह आयोजन सभी समाजों को भक्ति और एकता के सूत्र में जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ में पहली रथयात्रा का साक्षी बनना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर डॉ. सुदर्शन यादव, नगर पालिका चेयरमैन रमेश सैनी, पूर्व प्रधान रीना बंटी, रामजीवन मित्तल, बालमुकुंद, रवि सोनी, नवीन राव, लक्खी सोनी, अश्वनी सहित अनेक गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें