तालाब बहादुर सिंह रोड पर दो महीने पहले सड़क निर्माण को लेकर बुलडोजर से पुरानी सड़क को तोड़कर खोदाई की गई। अब इस मार्ग को महिला थाने व सीताराम धर्मशाला के पास निर्माण सामग्री डाल कर बंद कर दिया गया है। इससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इस कार्य के चलते तालाब बहादुर सिंह रोड स्थित दुकानों का काम भी ठप हो गया है।
तालाब बहादुर सिंह रोड पर धीमी गति से चल रहे सड़क निर्माण को लेकर वहां के व्यापारियों ने वीरवार को नगर परिषद में पहुंच कर चेयरपर्सन कमलेश सैनी के सामने अपनी समस्या रखी। व्यापारियों ने नप चेयरपर्सन से कहा कि मैडम जी दो महीने से हम दुकानदारों का काम इस सड़क निर्माण के चलते ठप पड़ा है आप इस कार्य को जल्द से जल्द करवाएं ताकि व्यापारियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
दुकानदारों ने कहा कि जिस समय इस सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था तो इसे थोड़ा-थोड़ा करके बनाने की बात कही गई थी। परंतु निर्माण कार्य जब नवंबर माह में शुरू किया गया तो पूरी सड़क महिला थाने से सीताराम धर्मशाला तक तोड़ दी गई। इससे ग्राहकों का इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया। व्यापारियों ने कहा कि इन दिनों विवाह-शादियों का समय चल रहा है और इस मार्ग पर अनेक बड़े शोरूम है जिनसे विवाह का सामान खरीदा जाता है। व्यापारियों ने कहा कि अब तो इस मार्ग पर गाड़ियां भी नहीं आ सकती। जिससे लोगों को सामान लेकर जाने में भारी परेशानी हो रही है। दुकानदारों ने कहा कि इस सीजन के दिनों में रास्ता बंद हो जाने के कारण वे पूरे दिन खाली बैठे रहते हैं। व्यापारियों ने नप चेयरपर्सन से कहा कि इस मार्ग पर डिवाइडर भी नहीं बनाया जाए क्योंकि इस मार्ग पर बड़ी गाड़ियां आती है। डिवाइडर बन जाने से इनकों भी परेशानी होगी। व्यापरियों ने लाइट भी दुकानों के बाहर खड़े पोल पर ही लगवाने की बात कहीं। नप चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने व्यापारियों की बात सुनकर उन्हें आश्वासन दिया कि वे जैसा चाहते हैं वैसा ही काम होगा। उन्होंने जल्द काम करवाने के लिए अधिकारियों व ठेकेदार से बात करेगी।