महेंद्रगढ़। बीकानेर मंडल की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर सफाई के लिए तीन मशीनें भेजी गई है। मशीनें पहुंचने के बाद सफाई व्यवस्था बनाने के लिए कारगर साबित होगी। बीकानेर मंडल ओर से करीब तीन लाख रुपये लागत से मशीनें आई है। मशीन की ओर से कूड़ा व साफ-सफाई, मिट्टी हटाई जाएगी।
बीकानेर मंडल की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर सफाई के लिए पिछले माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी। एक सप्ताह पहले दिल्ली की एजेंसी की ओर से रेलवे स्टेशन पर सफाई के लिए तीन मशीनें भेजी गई है।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर 14 सफाई कर्मचारियों की आवश्यकता है। वर्तमान में आठ सफाई कर्मचारी व एक सुपरवाइजर दिन-रात कार्य कर रहे है।
दैनिक रेलयात्री महासंघ के अध्यक्ष रामनिवास पाटोदा ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छता का बेहतरीन माहौल देने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और कार्यालयों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जाएगा।
इसके लिए एक जुलाई से विधिवत रूप से कार्य भी शुरू कर दिया गया है। स्वचालित सफाई मशीनों के आने से स्टेशन न केवल चमकदार दिखेगा, बल्कि यात्रियों को संक्रमण मुक्त और स्वच्छ वातावरण भी मिलेगा। स्वच्छता अभियान व सुंदरीकरण के लिए महेंद्रगढ़ स्टेशन के अलावा कोसली, दादरी, डबवाली, सिरसा, गोगामेडी स्टेशन को शामिल किया गया है।
इस पूरी योजना का मुख्य उद्देश्य यात्रियों के सफर को सुगम और आरामदायक बनाना है। स्टेशन पर बेहतर बैठक व्यवस्था, आधुनिक वेटिंग हॉल, शुद्ध पेयजल, उन्नत लाइटिंग और सुलभ शौचालय जैसी सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं।
वर्जन:
साफ-सफाई को लेकर महेंद्रगढ़ सहित छह स्टेशनों के टेंडर किए जा चुके है। एजेंसी द्वारा काम शुरू किया जा रहा है। यात्रियों को स्टेशनों पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
-वीरेंद्र जोशी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बीकानेर मंडल