एसयूसीआई कम्युनिस्ट के प्रत्याशी कामरेड रोहतास सैनी ने नामांकन भरा।
- फोटो : संवाद
लोकसभा के छठे चरण के लिए सोमवार से नामांकन शुरू हो गए है। हरियाणा में भी छठे चरण में चुनाव होना है। सोमवार को एसयूसीआई कम्युनिस्ट के प्रत्याशी कामरेड रोहतास सैनी ने नामांकन दाखिल किया है। अभी नामांकन के लिए सात दिन शेष बचे हैं। जिसकी वजह से भाजपा, जजपा व कांग्रेस उम्मीदवार मई माह में ही नामांकन दाखिल करेंगे।
हालांकि इस बार प्रत्याशी को ऑनलाइन नामांकन करने की सुविधा दी गई है। बता दें कि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट के लिए 25 मई को मतदान होना है। जिसकी प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उपायुक्त ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 6 मई तक चलेगी। नामांकन सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक किया जा सकता है।
आवेदन पत्र कमरा नंबर 114 प्रथम तल लघु सचिवालय में सुबह 11 से लेकर शाम 3 बजे तक जमा कर सकेंगे। नामांकन की छंटनी का काम 7 मई को सुबह 11 बजे होगी। नाम वापसी के लिए 9 मई 2024 को दोपहर बाद 3 बजे से पहले डिप्टी कमिश्नर कोर्ट कमरा नंबर 114 प्रथम तल लघु सचिवालय नारनौल में आकर सूचना देनी होगी। इसके तुरंत बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान आगामी 25 मई को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।
दो मई को भाजपा व जजपा प्रत्याशी करेंगे नामांकन
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा के लिए भाजपा, जजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। हालांकि अभी इनेलो की तरफ से प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। इस बार भाजपा की तरफ से तीसरी बार चौधरी धर्मबीर सिंह चुनावी मैदान में हैं। वहीं जजपा की तरफ से राव बहादुर सिंह को टिकट दी गई है। यह दोनों प्रत्याशी दो मई को नामांकन दाखिल करेंगे।
राव दान सिंह के नामांकन पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा व चौधरी उदयभान भी पहुंचेंगे
कांग्रेस की तरफ से उम्मीदवार महेंद्रगढ़ से विधायक राव दान सिंह 3 मई को नामांकन करेंगे। इस दौरान चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा व चौधरी उदयभान भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि पहले आईटीआई मैदान में सभा की जाएगी, इसके बाद नामांकन किया जाएगा।