फोटो-20-हाईवे पर जाम लगा रही महिलाओं को समझाती एसआई वीना राणा।
- फोटो : Narnol
गांव भीलवाड़ा से शराब के ठेके को हटाने को लेकर गांव वालों ने नारनौल-रेवाड़ी नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंच एसआई वीना राणा ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। करीब दोपहर 12 बजे से सवा एक बजे तक यातायात बाधित रहा। डीसी के आदेश पर आबकारी विभाग के अधिकारियों ने तहसीलदार सुरेश की उपस्थिति में सील कर दिया।
गांव भीलवाड़ा की सीमा में एक माह पहले शराब का ठेका खोला था। सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीण उपायुक्त से शराब का ठेका हटाने की मांग की थी। जिस पर उपायुक्त ने 15 दिन में शराब का ठेका हटवाने का आश्वासन दिया था। जिला उपायुक्त को दी शिकायत में पंचायत ने बताया था कि गांव में शराब का ठेका बंद करने का प्रस्ताव दिया हुआ है। इसके बावजूद गांव की सीमा में शराब का ठेका खोल दिया गया। उपायुक्त के आश्वासन के 20 दिन बाद भी ठेका न हटाए जाने पर ग्रामीणों का धैर्य टूट गया। गांव वालों ने एक अगस्त की शाम को गांव में मुनादी करवाई गई कि ठेका हटवाने के लिए दो अगस्त को प्रदर्शन किया जाएगा। शुक्रवार को सुबह महिलाओं समेत अन्य एकत्रित होकर शराब के ठेके पर पहुंच गए व ठेके पर ताला जड़ दिया। ताला लगाने के बाद ग्रामीण कार्रवाई होते न देख हाईवे पर पहुंच कर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंची यातायात प्रभारी वीना राणा ने ग्रामीणों को जाम खोलने के लिए समझाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का यह मुख्य मार्ग है। ठेका पर शराब पीकर शराबी रास्ते में पड़े रहते है। रास्ते से गुजरने वाली बहन बेटियों के साथ गाली गलौच करते है। एसआई वीना कुछ ग्रामीणों को लेकर उपायुक्त के पास पहुंची। जिला उपायुक्त ने आबकारी विभाग को कार्रवाई का आदेश दिया। जिस पर ठेका सील हुआ।