मंडी अटेली। कस्बे के धनौंदा रोड से शराब के ठेके को हटाने के लिए लोग करीब 14 दिनों से धरना दे रहे हैं। वहीं कस्बे में एक और शराब के ठेके को स्थानांतरित करने की मांग उठने लगी है।
स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड के समीप बने ठेके को हटवाने के लिए आबकारी अधिकारी को शिकायत पत्र लिख है। बस स्टैंड के नजदीक बनी कॉलोनी के निवासी और दुकानदारों पवन कुमार, भारत, अनिल कुमार, भुपेंद्र कुमार, संजय, अमित कुमार, विजय कुमार, रामानंद और संदीप ने आबकारी अधिकारी को शिकायत दी है।
इसमें कहा कि सरकार की हिदायतों के अनुसार बस स्टैंड से शराब का ठेका लगभग 150 मीटर की दूरी पर होना चाहिए, लेकिन कस्बे के बस स्टैंड से मात्र 60 मीटर की दूरी पर शराब को ठेका खुला है। जो सरकार के आदेशों की अनुपालना है और बस स्टैंड के समीप ठेका होने से मार्ग पर असामाजिक तत्वों का बोलबाला रहता है। इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि बस स्टैंड और मुख्य बाजार के समीप स्थित शराब के ठेके को हटाया जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इंसेट
धनौंदा रोड से शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर धरना 16 वें दिन भी रहा जारी
शराब ठेका हटाने को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा दिया जा रहा धरना 16 वें दिन भी जारी रहा। वहीं ठेका हटाने की मांग को लेकर कुछ लोग भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। धरने में रविवार को महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया। धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि 16 दिन का समय बीत जाने के बाद भी शराब के ठेके को नहीं हटाया गया है। इससे लोगों में सरकार व प्रशासन के प्रति नाराजगी है। लोगों ने कहा प्रशासन ने यदि जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शहर के सभी वार्ड पार्षद, नगर पालिका अध्यक्ष और सामाजिक संगठन शराब ठेके का विरोध कर रहे हैं। पार्षदों ने कहा रिहायशी क्षेत्र में शराब का ठेका खोलना गलत है।