नारनौल। जिले में भूजल स्तर में सुधार के लिए जोहड़ और तालाब बनाए जा रहे हैं। अब सिंचाई विभाग की तरफ से कांवी, बामणवास खेता और ढाणी जाजमा में करीब 1.43 करोड़ की लागत से कार्य करवाया जाएगा। इसमें 40 लाख की लागत से नोलपुर डिस्ट्रब्यूटरी से गांव कांवी में पाइप लाइन डाली जाएगी। इससे किसान आसानी से अपने खेतों में भी सिंचाई कर सकेंगे। इसका टेंडर भी हो चुका है, लेकिन यह कार्य फसल कटाई के बाद शुरू होगा।
इस लाइन के डालने से करीब 250 से 300 एकड़ में किसान आसानी से सिंचाई कर सकेंगे। इस दौरान विभाग की तरफ से 400-400 फीट की दूरी पर हौदी भी बनाई जाएगी, जिससे किसानों को अपने खेतों में पानी देने में परेशानी भी नहीं होगी। यह लाइन डालने से कांवी गांव के साथ साथ मुरारीपुर और कांवी की ढाणी के किसानों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा सिंचाई विभाग की तरफ से कांवी के जोहड़ को भी नहर से जोड़ा जाएगा। इस पर भी तीन लाख रुपये का खर्च आएगा। इन दोनों कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जो फसल कटाई के बाद शुरू किए जाएंगे। ऐसे में बारिश के सीजन से पहले कार्य पूरा होने की संभावना है।
इंयेट
बामणवास खेता में 25 लाख से बनेगा जोहड
नांगल चौधरी जिले के अंतिम छोर पर है। इसकी वजह से भूजल स्तर भी काफी नीचे जा चुका है। हालांकि बीते कुछ वर्षों में अटल भूजल योजना के तहत तालाब व जोहड़ बनाने से भूजल स्तर में सुधार हुआ है। अब इसी कड़ी में सिंचाई विभाग की तरफ से बामणवास खेता में 25 लाख की लागत से जोहड़ बनाया जाएगा।
इंसेट
75 लाख से ढाणी जाजमा में बनेगा तालाब
ढाणी जाजमा के पास कृष्णावती नदी में एक बड़ा तालाब बनाया जाएगा। तालाब के बनने से आसपास के क्षेत्र में भूजल स्तर में सुधार होगा। इसके निर्माण पर 75 लाख रुपये का खर्च आएगा। इस तालाब का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
वर्जन:
नोलपुर डिस्ट्रब्यूटरी से कांवी तक लाइन डाली जाएगी। जिससे किसान अपने खेतों में सिंचाई भी कर सकेंगे। इसके अलावा कांवी के जोहड़ में पाइप लाइन और बामणवास खेता में नया जोहड़ बनाया जाएगा।
अशोक यादव, एसडीओ सिंचाई विभाग।