रविवार को दोपहर बाद शुरू हुई हल्की बारिश देर शाम तक जारी रही, जिससे मौसम में और ठंडक घुल गई है। बारिश के बाद चली शीतलहर से बनी ठंड ने लोगों की दिनचर्या भी बदल दी है। बाजारों में सर्दी से बचने के लिए दुकानदार अलाव व हीटर का सहारा लेते नजर आए। रविवार को हल्की बारिश से हुई सर्दी के चलते दिनभर बाजारों में आवाजाही भी कम रही। किसानों ने फसल के लिए इसे सोना बरसना बताया है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सर्दी अपने चरम पर है। पिछले हफ्ते दो दिन पाला भी जमा था। किसान फसलों को पाले से बचाने के लिए पानी देने में जुटे हुए थे, लेकिन रविवार को हुई बारिश उनकी फसलों के लिए अमृत बनकर हुई। बारिश के बाद जहां ठंड और बढ़ गई है, वहीं कोहरा भी छाने का संभावना बढ़ गई है। कोहरा पड़ने से सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों को होगी। सर्दी से बचने के लिए लोगों को घरों में दुबकने और अलाव का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।