नारनौल। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वीरवार को हरियाणा और एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिला। दोपहर बाद नारनौल और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा चलीं व कई स्थानों पर बारिश और बूंदाबांदी हुई जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
पर्यावरण क्लब राजकीय महाविद्यालय नारनौल के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदेश में लगातार नए बादलों का निर्माण हो रहा है। इसके चलते वीरवार शाम और रात को भी कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 12 से 14 जून के दौरान हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन व कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 15 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं जिसके प्रभाव से 15 से 17 जून तक भी आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हवा के प्रभाव से उमस भरी गर्मी बनी रहने की संभावना है।