पंचायती राज चुनावों के द्वितीय चरण में 17 जनवरी को होने वाले चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को खासा उत्साह दिखाई दिया। नामांकन के पहले 4 दिनों में जहां सरपंच, पंच व बीडीसी मेंबर के लिए कुल 165 तो अंतिम दिन 490 नामांकन दाखिल किए गए।
सतनाली खंड के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान अंतिम तिथि सोमवार तक 25 गांवों के सरपंच पद के लिए कुल 163 आवेदन दाखिल हुए जिनमें 55 महिला तथा 108 पुरुष उम्मीदवार शामिल है। खंड के 25 गांवों के कुल 247 वार्डों में पंच पद के लिए 422 आवेदन दाखिल किए गए जिनमें से 169 महिला तथा 253 पुरुष उम्मीदवार शामिल है। वहीं खंड के कुल 13 ब्लॉक समिति सदस्यों के लिए कुल 70 नामांकन दाखिल हुए जिनमें 43 महिला तथा 27 पुरुष उम्मीदवार शामिल है। यह जानकारी सतनाली खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी निशा तंवर ने दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नामांकन पत्रों की छंटनी का कार्य करने के बाद 7 जनवरी को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी के बाद योग्य उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।