महेंद्रगढ़। शहर स्थित नागरिक अस्पताल के अस्तित्व में आने से लेकर अब तक अल्ट्रासाउंड सुविधा मुहैया नहीं हो पाई है। शहर व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी सेंटरों व अस्पतालों पर निर्भर होना पड़ रहा है। इससे मरीजों की जेब पर भी आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
शहर के नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 400 मरीज उपचार के लिए आते हैं। शुरुआती दिनों में अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए भी मरीज आते थे लेकिन सुविधा न होने के कारण निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।
निजी सेंटरों में अल्ट्रासाउंड की कीमत 700 से 900 रुपये तक है जबकि नागरिक अस्पताल में यह सुविधा निशुल्क मिलती है। नागरिक अस्पताल में निशुल्क अल्ट्रासाउंड के नारनौल, अटेली का सुझाव दिया जा रहा है।
दूसरी ओर नारनौल व अटेली की भागदौड़ करने की बजाय मरीज निजी सेंटरों पर ही अल्ट्रासाउंड करवा रहे हैं। इससे उनकी भागदौड़ तो बच जाती है, लेकिन जेब पर आर्थिक दबाव बढ़ जाता है। शहर के अस्पताल में सुविधा के अभाव में मरीज जेब खर्च करने को मजबूर हैं। अगर नारनौल या अटेली को जाते हैं तो उनको आवागमन में दिक्कत होती है और किराया आदि करके मरीजों को निजी लैब का ही खर्च होता है।
नागरिक अस्पताल ने 6 सेंटरों के साथ किया है अनुबंध
नागरिक अस्पताल में गर्भवतियों को निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी गई है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से 6 निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों के साथ अनुबंध किया गया है। गर्भवतियों को निशुल्क अल्ट्रासाउंड के लिए टोकन दिया जाता है और इससे महिलाएं अनुबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटर में जाकर सुविधा प्राप्त कर सकती हैं।
-
नए भवन के इंतजार में अटकी सुविधा
अस्पताल के नए भवन में विभिन्न सुविधाएं प्रदान करने की योजना है। इसके इंतजार में ही अल्ट्रासाउंड सुविधा दुरुस्त नहीं हो पा रही है। अब निर्माण कार्य अटका हुआ है और सुविधा भी लटक गई है। हालांकि इसके लिए 23 करोड़ रुपये के रिवाइज बजट को प्रदेश सरकार की ओर से स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं अनुबंधित निजी सेंटरों में विशेष दिन नागरिक अस्पताल के मरीजों को सुविधा दी जाती है।
- वर्जन:
गर्भवतियों के लिए निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी गई है। अस्पताल के नए भवन का निर्माण होने पर अल्ट्रासाउंड सुविधा प्रदान की जाएगी। फिलहाल जगह की कमी के कारण अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू नहीं हो रही है। -जयप्रकाश, एसएमओ, महेंद्रगढ़