12jjrp04- सिलानी गेट पर टूटी पड़ी सड़क। संवाद
झज्जर। सिलानी गेट से कुलदीप चौक तक सड़क निर्माण एनओसी न मिलने के कारण फिलहाल ठप पड़ा है। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को सीवरेज लाइन बिछाने का काम पूरा होने का प्रमाण पत्र लोक निर्माण विभाग को देना है लेकिन काम खत्म हुए करीब 20 दिन बीतने के बाद भी यह प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, एनओसी मिलते ही सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा। लगभग ढाई महीने पहले जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने सिलानी गेट से कुलदीप चौक तक सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू किया था। इस कार्य के लिए विभाग ने पहले लोक निर्माण विभाग से सड़क तोड़ने की अनुमति ली थी और रोड कट चार्ज भी जमा करवाया था।
करीब दो से ढाई महीने तक चले इस काम को अब पूरा कर लिया गया है और ट्रैफिक भी दोबारा शुरू हो चुका है। हालांकि, सीवरेज का काम खत्म हुए 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक लोक निर्माण विभाग को एनओसी नहीं दी गई है। इसी वजह से सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
धूल से दुकानदार परेशान
सिलानी गेट से कुलदीप चौक के दुकानदार भी सड़क निर्माण न होने से परेशान हैं। दुकानदार सतपाल सैनी ने बताया कि पूरा दिन धूल मिट्टी उड़ती है। तीन माह से सड़क तोड़ रखी है लेकिन बनाया नहीं जा रहा। यही नहीं सड़क सीसी की बनाई जानी चाहिए क्योंकि यहां पर वाहनों का सबसे ज्यादा आवागमन रहता है।
जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अब तक एनओसी नहीं मिली है। एनओसी मिलने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू करवा दिया जाएगा।-सतीश कुमार, जेई, लोक निर्माण विभाग
लोक निर्माण विभाग की तरफ से एनओसी की मांग नहीं की गई है। हमारा काम पूरा हो चुका है। हमारी तरफ से कल ही एनओसी जारी कर दी जाएगी।-दलबीर सिंह, एसडीओ, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग