नारनौल। नाबालिग लड़की का अपहरण कर 80 हजार रुपये की फिरौती मांगने के आरोपी आईटीआई छात्र को पुलिस ने मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने लड़की को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोद गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी मोहल्ला बावड़ीपुर नारनौल में हुई है। पीड़ित के अनुसार बेटी के पति की मौत हो चुकी है। उसकी दोहती (16) 12वीं कक्षा में पढ़ती है। पीड़ित नाना ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि दोहती एक सप्ताह से गोद गांव (ननिहाल) आई हुई थी। मंगलवार को दोपहर तीन बजे के बाद से घर पर दिखाई नहीं दी। बाद में पता चला कि मोहल्ला सलामपुरा निवासी अभिषेक उसकी दोहती को बहला फुसलाकर अगवा कर लिया है। पीड़ित ने शक के आधार पर अभिषेक के घर जानकारी ली। आरोपी की मां ने बताया कि अभिषेक करीब सुबह 11 बजे से घर पर नहीं है। पीड़ित के अनुसार शाम करीब पांच बजे दोहती के नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया कि तेरी छोरी हमने उठा ली है कल सुबह पांच बजे 80000 रुपये दे देना और पुलिस को मत बताना। पुलिस को बताने की कोशिश की तो तुम्हारी लड़की नहीं मिलेगी। सुबह दोबारा मैसेज करके जगह बता दूंगा। तुम्हारी लड़की भी सही सलामत मिल जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। लड़की के अपहरण का पूरा मामला अधीक्षक सुलोचना गजराज के संज्ञान में लाया गया। मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया गया, जिससे मैसेज आया था। उसकी लोकेशन मोहल्ला बावड़ीपुर आने पर एसएचओ सदर, एसएचओ सिटी और सीआईए की टीम तैयार की गई। पुलिस की टीमें मोहल्ला बावड़ीपुर पहुंची। आरोपी अभिषेक को पकड़ लिया और लड़की भी बरामद हो गई। पुलिस ने लड़की को परिजनों के हवाले करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आईटीआई में पढ़ाई कर रहा है आरोपी
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी अभिषेक (19) आईटीआई में पढ़ाई कर रहा है और पैसे की जरूरत थी। वह लड़की को पहले से जानता था। इसलिए लड़की को साजिश के तहत बहला फुसला अपहरण कर नारनौल मोहल्ला बावड़ीपुर के पास खंडहर में ले आया। फिर लड़की के मोबाइल से ही फिरौती की रकम मांगी। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत नसीबपुर जेल भेज दिया है।