फोटो नंबर- 17गांव कारोली में आयोजित मुकाबले में भाग लेते खिलाड़ी। स्रोत : संस्था
निजामपुर। गांव कारोली में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए बाबा बुद्धनाथ क्लब की ओर से दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक मंजू चौधरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने गांव में इंडोर स्टेडियम बनवाने की घोषणा कर खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। अंडर-14 वर्ग में कारोली की टीम ने धानोता को हराकर जीत हासिल की। वहीं अंडर-16 वर्ग में भी कारोली की टीम विजेता रही। इसके अलावा छिलरो और कारोली के बीच खेले गए मुकाबले में कारोली की टीम ने जीत दर्ज की। पहले दिन हुए मुकाबलों में कारोली के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा।
मुख्य अतिथि विधायक मंजू चौधरी ने कहा कि गांव में इंडोर स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के खिलाड़ी आगे चलकर जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
बाबा बुद्धनाथ क्लब के सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग की विजेता टीम को 51 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अलावा अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले भी करवाए जाएंगे। इन वर्गों में जीतने वाली टीमों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीचंद, मंगेज, धर्मेंद्र शर्मा, अंकित, सुमेर, रतन और अरमित सहित गांव के अनेक लोग मौजूद रहे।