फोटो नंबर- 16रेलवे रोड पर एकत्रित कर जलाए गए पटाखों के कूडे से उठता धूआं। संवाद
नारनौल। दिवाली की रात ग्रैप-3 की पाबंदियों की आवाज पटाखों के शोर में कहीं दब गई। प्रतिबंध लागू होने के बावजूद क्षेत्र में रात करीब एक बजे तक जमकर आतिशबाजी होती रही।
नतीजा यह रहा कि दिवाली के दिन एक्यूआई 342 तक पहुंच गया और सोमवार को भी आसमान में धूल की परत छाई रही। हवा की दिशा बदलने से 37 अंकों की गिरावट तो आई लेकिन एक्यूआई 305 पर बना रहा।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए क्षेत्र में अभी ग्रैप-3 के प्रतिबंध लागू हैं। इसके तहत स्टोन क्रेशर पर काम, भवन निर्माण, तोड़फोड़, खुदाई, नींव की खुदाई और ट्रेंचिंग जैसे कामों पर रोक है। वहीं ग्रैप-2 के दौरान लागू कूड़ा जलाने पर रोक का पालन कराना अब भी चुनौती बना हुआ है। सुबह साफ-सफाई के दौरान कई जगह कूड़ा जलाया जा रहा है।
पटाखे से जलने के पांच मामले
दिवाली पर आम लोगों की सुविधा के लिए नागरिक अस्पताल में विशेष बर्न वार्ड बनाया गया था ताकि आतिशबाजी के दौरान जलने पर मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। दिवाली की रात पटाखों से जलने के पांच मामले सामने आए। उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कंवर सिंह ने बताया कि कोई गंभीर मामला नहीं रहा जिन्हें चोट लगी, उनका रात में ही उपचार कर दिया गया।
वर्जन
क्षेत्र में एक्यूआई स्तर 305 तक पहुंच गया है जिसके चलते ग्रैप-3 के प्रतिबंध लागू हैं। प्रतिबंधित कामों के निरीक्षण के लिए जिले भर में पांच टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग जगहों पर जांच कर रही हैं। प्रदूषण बढ़ाने वाला कोई भी काम पाए जाने पर निर्धारित प्रावधान के तहत जुर्माना और कार्रवाई की जाएगी।
-अनुज नरवाल, एसडीओ, नारनौल