कनीना (महेंद्रगढ़)। उन्हाणी बस हादसे में मुख्य आरोपी जीएल स्कूल संचालक राजेंद्र सिंह लोढ़ा को मंगलवार न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे आगामी 26 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया, लेकिन अभी तक स्कूल निदेशक पुलिस पकड़ से बाहर है।
आरोपी को गत 17 अप्रैल को रेवाड़ी जिले के गांव बव्वा से गिरफ्तार कर एसडीजेएम मेनिका सिंह के न्यायालय में पेश किया गया था जहां न्यायालय ने उसे पांच दिन के रिमांड पर भेजा था। मंगलवार को रिमांड पूरा होने के बाद शहर थाना पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 26 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस मामले में पुलिस ने स्कूल की प्राचार्या दीप्ति यादव, सचिव होशियार सिंह, बस चालक धर्मेंद्र व उसके साथ बैठकर शराब पीने के आरोप में हरिश, संदीप, भूदेव, नरेश को भी गिरफ्तार कर लिया था। न्यायालय की ओर से इन सभी को भी 26 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि राजेंद्र सिंह लोढ़ा से रिमांड के दौरान कुछ अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। स्कूल के निदेशक सुभाष यादव की गिरफ्तारी के लिए आरोपियों द्वारा बताए गए ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन संभावित ठिकानों पर आरोपी नहीं मिला है। शहर थाना, डीएसपी, सीआईए की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।