गांव मोहलड़ा में कबड्डी की टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय लेते कोच रामौतार।
- फोटो : Narnol
गांव मोहलड़ा के बाबा शांति नाथ महाराज मंदिर में मेला, भंडारा व खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला राजपूताना राइफल दिल्ली व शहीद रामनिवास एकेडमी जींद के बीच हुआ। जिसमें राजपूताना राइफल दिल्ली की टीम ने बाजी मारी। कबड्डी में अहरी की टीम प्रथम व भोजावास की टीम दूसरे स्थान पर रही। बुजुर्ग दौड़ प्रतियोगिता में बाढड़ा का रामकिशन अव्वल रहा। ऊंची कूद में सतनाली का संजय प्रथम व गोठड़ा का दीपक दूसरे स्थान पर रहा।
लंबी कूद में भी सतनाली के संजय ने बाजी मारी। कबड्डी लड़कों में गढ़ी रूथल प्रथम व भोजावास की टीम दूसरे स्थान पर रही। बेस्ट रेडर का ईनाम अहरी टीम के खिलाड़ी सुमित के नाम रहा। पाली के कोच रामौतार, बजाड़ के डीपीई जितेंद्र, सतबीर, सलूनी के बाबूलाल व रामफल चिताडुंगरा ने खेल खिलाये। गांव की सरपंच शशी यादव ने विजेता खिलाड़ियों को इनाम देकर सम्मानित किया। वॉलीबाल में प्रथम रहने वाली टीम को 15 हजार रुपये तथा कबड्डी में प्रथम रहने वाली टीम को 11 हजार रुपये देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सरपंच शशी ने कहा कि इस प्रकार के मेलों से ग्रामीण खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। ग्रामीण खिलाड़ियों को अवसर न मिलने से उनकी प्रतिभा दबी रह जाती है। इस मौके पर पूरे दिन भंडारा चलता रहा जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।