नारनौल। एनसीईआरटी के तत्वावधान में खंड शिक्षा अधिकारी के दिशा-निर्देशन में आयोजित खंड स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैलाफ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में कक्षा 11वीं के छात्र प्रवीण पुत्र बलवान सिंह ने द्वितीय तथा कक्षा दसवीं के छात्र मयंक पुत्र सुरेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। दोनों विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के लिए हुआ है।
कार्यक्रम में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। दोनों विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शक प्रवक्ता धर्म सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनी में भाग लिया। प्रवक्ता धर्म सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों ने ग्रीन एनर्जी और आपदा प्रबंधन विषयों पर आधारित अपने मॉडल प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। उनके मॉडल को सराहना मिली और उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया।