फोटो 03 युवा संसद प्रतियोगिता में सवाल जवाब करती छात्राएं। स्रोत: स्कूल
नारनौल। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से एससीईआरटी हरियाणा के निर्देशन व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के मार्गदर्शन में आयोजित खंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता के दूसरे दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मारोली में युवा संसद का आयोजन किया गया।
पर्यवेक्षक प्रदीप यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांसदों, मंत्रियों, विपक्ष के नेताओं एवं लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका का सशक्त निर्वहन करते हुए संसद की कार्रवाई का जीवंत मंचन किया।
प्रतिभागियों ने समसामयिक राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर तथ्यों, तर्कों और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप अपने विचार प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि युवा संसद में राजस्थान में बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर सदन में गंभीर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने इस जघन्य अपराध पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई व मानव तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त तेजी से बढ़ते साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर भी सार्थक बहस हुई। वहीं लोकसभा में प्रस्तुत परिसीमन विधेयक-2026 पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच संसदीय नियमों के अनुरूप प्रभावशाली चर्चा एवं प्रश्नोत्तर हुए।