फोटो नंबर-15अटल पार्क में जांच करती सीएम फ्लाइंग टीम। संवाद
नारनौल। रेवाड़ी रोड पर नगर परिषद की ओर से बनाए जा रहे अटल पार्क के लंबे समय से अधूरे पड़े होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद सोमवार को रेवाड़ी की सीएम फ्लाइंग टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कई जगहों से सैंपल भी एकत्रित किए।
टीम सुबह करीब 10 बजे पुलिस हाउसिंग बोर्ड के एसडीओ संजय कुमार के साथ मौके पर पहुंची और शाम साढ़े चार बजे तक पूरे परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पार्क में चल रहे और पहले किए गए निर्माण कार्यों की बारीकी से जांच की।
एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर यह जांच की जा रही है और सैंपलों को आगे परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इस अटल पार्क की घोषणा वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से की गई थी और निर्माण कार्य 2020 में शुरू हुआ था। हालांकि कोरोना महामारी और अन्य कारणों से काम प्रभावित होता रहा और करीब आठ साल बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी।
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना में अब तक लगभग 1 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं लेकिन कई हिस्से अब जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं। नगर परिषद के अधिकारी भी जांच के दौरान मौजूद रहे।