महेंद्रगढ। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 2024 का आयोजन हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड, पंचकूला के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि वन विभाग के डीएफओ राजकुमार की ओर से माता सरस्वती के दीप प्रज्ज्वलन व विद्यालय प्रांगण में पौधरोपण के साथ किया। विभाग की ओर से विद्यार्थियों को औषधीय पौधों का वितरण भी विद्यार्थियों को किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच पोस्टर मेकिंग व निबंध प्रतियोगिता कराई गई।
कार्यक्रम के जिला समन्वयक अधिकारी देशराज शर्मा ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण जैव विविधता की आवश्यकता है। मानव जीवन का अस्तित्व जैव विविधता पर ही आधारित है। उन्होंने राज्य जैव विविधता बोर्ड की कार्य प्रणाली के बारे में अवगत कराया। विशिष्ट अतिथि रजनीश कुमार रेंजर वन विभाग ने कहा कि एक पेड़ अपने जीवन काल में लगभग 17 लाख रुपये की आक्सीजन प्रदान करता है तथा अन्य जीवन उपयोगी सामग्री प्राप्त होती है।
प्रतियोगिताओं में यह विद्यार्थी बने विजेता
प्राचार्य प्रेमवती ने बताया कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया, जिसमें निबंध लेखन प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की छात्रा निशा ने प्रथम, कक्षा 11वीं की छात्रा तमन्ना ने द्वितीय, तथा कक्षा दसवीं के छात्र कुंदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है, वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं के छात्र अंकित ने प्रथम, कक्षा 11वीं के छात्र राजीव ने द्वितीय तथा कक्षा नौंवी के छात्र समीर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर सभी विद्यार्थियों से एक पौधा लगाने की शपथ दिलवाई गई। इस अवसर पर महेश शर्मा, जितेंद्र यादव, सतीश चंद्र, अरुण कुमार, लीलाराम, पवन कुमार, अनीता यादव, ललित कुमार, पूजा शर्मा, नीलम यादव, पारुल यादव आदि मौजूद रहीं।