नारनौल। कॉलोनियों के सर्वे से जुड़े रिकॉर्ड को सही करने के लिए जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में दस नई कॉलोनियों का डाटा भी जल्द सरकारी पोर्टल पर अपलोड करने के आदेश दिए गए हैं।
बैठक में पहले से आवंटित कॉलोनियों के नक्शों और चल रहे सर्वे कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में अलग-अलग टीमों की ओर से अब तक किए गए काम का पूरा रिकॉर्ड देखा गया।
सर्वेक्षक अजय कुमार का काम बेहद कमजोर पाया गया जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए उन्हें चेतावनी जारी की। अधिकारियों को साफ कहा गया कि सर्वे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सह नोडल अधिकारी राकेश पुनिया भी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि सरकार की इस योजना का मकसद कॉलोनियों का सही सर्वे कर लोगों की संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड को पूरी तरह स्पष्ट और त्रुटिहीन बनाना है। इससे भविष्य में लोगों को जमीन और मकान के मालिकाना हक को लेकर कानूनी विवाद या मानसिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से हुड्डा सेक्टर-1 से संबंधित जो रिकॉर्ड उपलब्ध कराया गया है, उसका अब गहराई से अध्ययन किया जाएगा। साथ ही पटवारियों और सर्वेक्षकों को खुद मौके पर जाकर जमीनी स्थिति जांचने और सही डाटा जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।