फोटो संख्या:75- मुख्यमंत्री सुंदरीकरण पुरस्कार के लिए कनीना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
कनीना। मुख्यमंत्री सौंदर्यकरण पुरस्कार के लिए कमेटी ने आवेदन करने वाले विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में सतीश कुमार प्राचार्य पोता, महेंद्र गोयल प्राचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाघोत व महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर पूजा खींची शामिल रहीं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी का सघन निरीक्षण किया। विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेलकूद गतिविधियों, सौंदर्यकरण कार्यों, शौचालयों में जल व्यवस्था, खेल मैदान, पार्क व समग्र साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया गया।
टीम ने विद्यालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी की कार्यप्रणाली की जांच की व विद्यालय में संचालित शूटिंग रेंज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके उपरांत निरीक्षण दल ने राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला कनीना मंडी भवन का भी दौरा कर आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की और सुविधाओं का मूल्यांकन किया।
कनीना मार्केट कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश कोटिया व विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक भी उपस्थित रहे। खंड कनीना के विद्यालयों में चल रहे सौंदर्यकरण एवं विकास कार्यों को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। सभी विद्यालय मुख्यमंत्री सौंदर्यकरण पुरस्कार के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।