फोटो 09 अभियान के दौरान वाहनों की जांच करते पुलिसकर्मी। पुलिस
- फोटो : 1
नारनौल। जिला पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक जिले भर में एक विशेष नाकाबंदी और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने पाया कि 46 वाहन बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे थे।
इस अभियान का उद्देश्य बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखना था। इस दो घंटे के विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों की टीमों ने मुख्य मार्गों और चौराहों पर नाके लगाकर मुस्तैदी से काम किया। इस दौरान 450 से अधिक वाहनों की गहन जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक दीपक ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा को सुदृढ़ करने, अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक नाकाबंदी व चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।