इंडिया स्किल्स 2024 में पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित गौतम कुमार गिरि।
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) के कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में अध्ययनरत गौतम कुमार गिरि ने दिल्ली में आयोजित इंडिया स्किल्स कंपटीशन-2024 में पदक हासिल किया है। यह सम्मान आईटी सॉफ्टवेयर सोल्यूशंस फॉर बिजनेस श्रेणी के अंतर्गत गौतम को स्वर्ण व मौसम कुमार गिरि को वेब टेक्नोलॉजी में कांस्य मिला है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के की तरफ से आयोजित प्रतियोगिता में देश के 30 से अधिक राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों ही विद्यार्थियों को बधाई दी है।
विश्वविद्यालय के कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार ने उन्हें अगले चरण के लिए प्रोत्साहित किया। आयोजन के अगले चरण में दोनों विद्यार्थियों को विश्व स्तर पर फ्रांस में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। दोनों विद्यार्थियों की सफलता पर विभाग के शिक्षक डॉ. नितिन गोयल, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. विशाल,अनंत, संगीता ने भी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मिले प्रशासनिक सहयोग के लिए विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार के प्रति भी आभार व्यक्त किया है।