ब्रास मार्केट में जूते की खरीदारी करते लोग। संवाद
रेवाड़ी। ठंड तेज होने के साथ ही शहर के फुटवियर बाजारों में रौनक भी लौट आई है। बढ़ती ठंड के चलते लोग गर्म और आरामदायक जूतों की खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। इसका असर यह है कि प्रमुख बाजारों में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भीड़ नजर आने लगी है।
दुकानदारों का कहना है कि ठंड के मौसम में उपभोक्ताओं की प्राथमिकता ऐसे फुटवियर पर रहती है जो गर्म होने के साथ-साथ पहनने में आरामदायक भी हों। इसी मांग को देखते हुए दुकानों में इस बार नए डिजाइन और स्टाइल के जूतों की भरपूर वैरायटी उतारी गई है।
बाजार में युवाओं के बीच स्पोर्ट्स जूते की सबसे ज्यादा मांग है। वहीं महिलाओं में स्टाइलिश जूते और बच्चों के लिए गर्म जूतों की खरीद बढ़ी है। दुकानदारों के मुताबिक यदि ठंड का असर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में बिक्री और तेज होगी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस बार का सीजन पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहेगा। उत्पादन लागत और ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ने के कारण जूतों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, फिर भी बाजार में खरीदारी का उत्साह बना हुआ है।
-
कारोबार में तेजी, ग्राहकों की बढ़ी भीड़
ब्रास मार्केट के समीप फुटवियर विक्रेता विक्रम ने बताया कि ठंड को देखते हुए ग्राहकों की पसंद के अनुरूप स्टाइलिश और ट्रेंडी जूतों का स्टॉक पहले से ही तैयार कर लिया गया है। इन दिनों बाजार में ऊनी जूते, फर वाले जूते, डिजाइनर फुटवियर और बच्चों के लिए कार्टून प्रिंट वाले स्नीकर की मांग सबसे अधिक बनी हुई है। वहीं दुकानदार हाफिज ने बताया कि सभी फुटवियर का माल कानपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद से मंगवाया गया है। महिलाओं के लिए खास तौर पर फैशनेबल और आरामदायक जूतों की अच्छी रेंज रखी गई है जबकि युवा वर्ग ट्रेंडी स्पोर्ट्स जूते को ज्यादा पसंद कर रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जैसे-जैसे ठंड बढ़ेगी, वैसे-वैसे बाजारों में खरीदारी का ग्राफ और ऊपर जाएगा।
-
बाजार में इस दाम से बिक रहे फुटवियर
फुटवियर की वैरायटीदाम
ऊनी स्लीपर250 से 400 रुपये
लेदर शूज 3 से 8 हजार रुपये
कार्टून प्रिंट स्नीकर 400 से 650 रुपये
ट्रेंडी स्पोर्ट्स जूता 1 हजार से 5 हजार रुपये