महेंद्रगढ़। बीजेआरडी क्रिकेट कप का सोमवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। हरियाणा क्रिकेट एकेडमी ढांसा बॉर्डर ने फाइनल मुकाबला जीतकर बीजेआरडी कप अपने नाम किया। खेल स्टेडियम प्रबंधक संदीप फौजी ने बताया कि सोमवार को बीजेआरडी कप का फाइनल मुकाबला खेला गया।
फाइनल मुकाबले में एसडीएम कनिका गोयल ने सिक्का उछालकर मैच का शुभारंभ किया। फाइनल मुकाबला हरियाणा क्रिकेट एकेडमी ढ़ासा बॉर्डर व नंदगांव भिवानी के मध्य खेला गया। नंदगांव भिवानी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया गया।
ढांसा बॉर्डर की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 207 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए नंदगांव भिवानी की टीम 19.5 ओवर में 199 रन पर ऑल आउट हो गई। ढांसा बॉर्डर ने फाइनल मुकाबला आठ रन से जीत लिया।
प्रतियोगिता में मैन ऑफ दा मैच व मैन ऑफ दा सीरिज का खिताब अश्वनी छिल्लर को दिया गया। बेस्ट बल्लेबाज अश्वनी छिल्लर रहे, बेस्ट क्षेत्ररक्षक नंदगांव भिवानी के खिलाड़ी वंश बेदी रहे। बेस्ट गेंदबाज बीजेआरडी पाली के खिलाड़ी आयुष रहे। विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। फाइनल मुकाबले में मुख्यातिथि वीके नांगलिया व विशिष्ट अतिथि हकेंवि के कुलपति प्राे. टंकेश्वर कुमार रहे। एसडीएम कनिका गोयल ने कहा कि कोई भी खेल सिर्फ एक खेल नहीं होता, यह जीवन की पाठशाला है।
यह हमें सिखाता है कि कैसे जीत का जश्न मनाना है और हार को सहजता से स्वीकार करना है। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपनी इस अपार ऊर्जा और प्रतिभा को खेल और रचनात्मक कार्यों में लगाएं। नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहें और स्वस्थ, सशक्त भारत का निर्माण करें। याद रखें, आप ही हमारे देश का भविष्य हैं और आपके हाथ में ही देश को आगे ले जाने की शक्ति है।
उन्होंने कहा कि खेल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, टीमवर्क सिखाते हैं और हमें जीवन के हर क्षेत्र के लिए तैयार करते हैं। यह सिर्फ़ ट्रॉफी जीतने की बात नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनने और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का हौसला है।