नारनौल। नारनौल पुलिस ने शनिवार रात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर मोहल्ला गुरुनानक पुरा में एक मकान में छापामारी कर लाखों रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए है। इस मामले में पुलिस ने जीत के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत थाना शहर नारनौल में मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया है। इसे रविवार को नारनौल न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने जिले के सभी सिक्योर्टी इंचार्ज को अपने-अपने थाना क्षेत्र के इलाके में सक्रिय रहने तथा अपराधियों पर नजर रखने के आदेश दिए थे। जिस पर शनिवार सायं को शहर के सुरक्षा एजेंटों को मोहल्ला गुरुनानक पुरा में अवैध पटाखे रखे जाने की गुप्त सूचना मिली। इसकी जानकारी उन्होंने तुरंत एएसआई अभय सिंह को दी। इसके बाद एएसआई अभय सिंह अपनी टीम के साथ एजेंटों द्वारा बताए स्थान मोहल्ला गुरुनानक पुरा में परबजीत के मकान पर छापामारी की। जहां पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया। जिसकी कीमत एक लाख रुपये से भी अधिक बताई गई है। आरोपी परबजीत 2 दिन पहले ही ये पटाखे राजस्थान से लेकर आया था। दीवाली के त्यौहार पर कहीं आगे सप्लाई करने की फिराक में था, जोकि गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ थाना शहर नारनौल में अभियोग दर्ज करके गिरफ्तार किया है। जिसे रविवार को नारनौल अदालत में पेश किया। जहां न्यायालय ने आरोपी को ज्यूडिशयल जेल नसीबपुर भेज दिया।