नारनौल। बिजली चोरी रोकने नांगल गांव पहुंचे दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों और कर्मियों को बंधक बनाकर कुछ लोगों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमलावरों ने निगम के टीम की गाड़ियों के शीशे तोड़कर उनको पलट दिया। इससे पहले स्कार्पियो में सवार हमलावरों ने टीम का रास्ता रोककर उन पर हमला किया। सूचना मिलने पर अटेली थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ गांव पहुंचकर कर्मचारियों को मुक्त कराया। घटना की जानकारी मिलने पर अधीक्षक अभियंता नवीन कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो को नामजद कर अन्य कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम नारनौल के कार्यकारी अभियंता जेसी जैन और महेंद्रगढ़ के कार्यकारी अभियंता रणबीर सिंह की टीम ने पुलिस बल के साथ अटेली उपमंडल के गांव महासर में बिजली चोरी पकड़ने के अभियान की शुुरूआत की। गांव में कई उपभोक्ता बिजली चोरी करते मिले। टीम ने उन लोगों पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद टीम अटेली के साथ लगते गांव नांगल पहुंची। वहां कुछ लोगों ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। बिजली निगम की टीम ने वहां से निकलने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने सफेद रंग की स्कार्पियो अड़ाकर टीम का रास्ता रोक लिया। इस दौरान वहां अन्य लोग भी भारी संख्या में एकत्रित हो गए। हमलावरों ने टीम में शामिल जेई और लाइनमैन की बेरहमी से पिटाई कर उनको बंधक बना लिया। हमलावरों ने निगम की गाड़ियों के शीशे तोड़कर उनको पलट भी दिया। बाद में अटेली थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ दोनों को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में मंजीत पुत्र किशोरी लाल और महेंद्र पुत्र भोत राम के खिलाफ अटेली थाना में मामला दर्ज किया है। इस हमले में अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी पहचान कराई जा रही है।
बिजली चोरी पर लगाई जाएगी पाबंदी
घटना की जानकारी मिलने पर अधीक्षक अभियंता नवीन कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। वर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार के स्पष्ट आदेश हैं कि किसी भी बिजली चोर को बक्शा नहीं जाएगा। बिजली चोरी पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाई जाएगी। सरकार चाहती है कि उपभोक्ता बिजली चोरी न करे। समय पर बिल भरे ताकि 24 घंटे बिजली दी जा सके। बिजली चोरी पकड़ो अभियान में जिला प्रशासन भी गंभीर है। इस बाबत विद्युत निगम को उपायुक्त ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल उपलब्ध कराया है। बिजली चोरी रोको अभियान जोर से चलाया जाएगा। एक भी बिजली चोर को नही बख्शा जाएगा। जिन उपभोक्ताओं के पास कनेक्शन नहीं हैं, वे तुरंत अपना कनेक्शन लें और जिनके कनेक्शन हैं वे समय पर भुगतान करें।
बिजली चोरी नहीं होने देंगे: डीसी
नारनौल। उपायुक्त संजीव वर्मा का कहना है कि बिजली निगम के अधिकारियों के काम में बाधा डालने वाले किसी भी नागरिक को नहीं बक्शा जाएगा। बिजली चोरी जैसे कार्यों में संलिप्त न हों। जिले में किसी भी सूरत में बिजली चोरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली की सप्लाई रहे। इसी कड़ी में सरकार ने जगमग हरियाणा नाम की योजना शुरू की है। यह योजना तभी सफल हो पाएगी जब ग्रामीण बिजली निगम के अधिकारियों का सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद हर माह जगमग हरियाणा योजना की बैठक ले रहे हैं। वे चाहते हैं कि हरियाणा के हर गांव को इससे जोड़ा जाए और एक साल के अंदर-अंदर ऐसी व्यवस्था की जाए कि 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहे।