नसीबपुर गांव में प्रस्तावित खेल स्टेडियम की नींव पांच साल में भी नहीं रखी जा सकी। स्टेडियम का काम जमीन और डिजाइन में उलझा रहा। अब लोक निर्माण विभाग ने आगे की प्रक्रिया के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी है। स्टेडियम में हैंडबॉल, फुटबॉल या हॉकी, वालीबॉल, बैडमिंटन खो-खो और कबड्डी के लिए भी अलग से इनडोर/आउटडोर ग्राउंड बनाए जाने है। स्टेडियम के लिए पंचायत ने जमीन दी हुई और खेल विभाग को इसके लिए एक करोड़ रुपये मिल चुके हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 21 अक्तूबर 2015 में आईटीआई मैदान में आयोजित रैली में जिला स्तरीय खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। स्टेडियम के निर्माण के लिए खेल एवं युवा कल्याण कार्यक्रम विभाग की ओर से मार्च 2017 को एक करोड़ रुपये जिला खेल विभाग को मिल गया था। पहले रघुनाथपुरा गांव में बनाने की योजना थी, लेकिन पहाड़ी एरिया में जमीन होने के कारण अन्य जगहों पर जमीन की तलाश शुरू हुई। इसके बाद स्टेडियम के लिए नसीबपुर गांव की पंचायत जमीन देने को राजी हो गई। पंचायत ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास जमीन दे दी। इसके बाद साढ़े छह एकड़ जमीन की उपलब्धता के आधार पर चीफ आर्किटेक्ट चंडीगढ़ ने स्टेडियम की डिजाइन समेत अन्य प्रस्ताव बनाकर जिला खेल विभाग को भेज दिया। हालांकि इस जमीन के पास ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट है। ऐसे में खेल विभाग को जमीन कम पड़ गई। जमीन की कमी को देखते हुए पहले से प्रस्तावित स्टेडियम का बनना मुश्किल था। इसके बाद खेल विभाग ने दोबारा से स्टेडियम की डिजाइन बनाने को कहा। इस पर चीफ आर्किटेक्ट दोबारा से स्टेडियम की डिजाइन बनाकर खेल विभाग को सोमवार को भेज दिया। नए डिजाइन में 400 के बजाय 200 मीटर का ट्रैक कर दिया गया है। यहां पर हैंडबॉल, फुटबॉल या हॉकी, वालीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, खो-खो और कबड्डी के लिए भी अलग से इनडोर/ आउटडोर ग्राउंड बनाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ गजेंद्र ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जल्द ही इसे सिरे चढ़ाया जाएगा।
हाईवे के पास बनेगा
नसीबपुर गांव में प्रस्तावित खेल स्टेडियम के नजदीक ही साल 1857 में अंग्रेजों से राव तुलाराम के नेतृत्व में भारतीय सेनानियों के साथ हुए युद्ध का शहीद स्मारक भी बनना है। स्टेडियम से करीब 300 मीटर दूरी पर नारनौल का बाईपास भी बना हुआ है। इससे दूसरे स्थानों से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा भी मिल जाएगी।
नसीबपुर गांव में खेल स्टेडियम जगह की उपलब्धता के आधार पर बनाया जा रहा है। इसके लिए रिवाइज डिजाइन पीडब्ल्यूडी को सौंप दिया है। विभाग का प्रयास हैं कि मॉडर्न स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। सरकार इसे लेकर गंभीर है।
-परसराम, जिला खेल अधिकारी नारनौल।