चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 5.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। नांगल चौधरी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में दो नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज कर लिया है।
नांगल चौधरी रोड पर मुकेश गोयल ने आटा चक्की लगाई हुई है। पीड़ित का कॉरपोरेशन बैंक में बचत खाता जनवरी 2015 से खुलवाया हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चेक बुक अक्सर चक्की पर रखे गल्ले में ही रहती थी। आरोप है कि दलीप उसके घर आता जाता रहता था। कई बार उसका भांजा नरेंद्र कुमार चक्की पर आता था। दोनों पर विश्वास था और कई बार पीड़ित उनके भरोसे चक्की छोड़ कर बाहर चला भी जाता था। जुलाई 2019 में एक चेक फर्जी तरीके से तैयार करके नरेंद्र ने बैंक में राशि निकालने की कोशिश की थी। हस्ताक्षर पर कटिंग होने के कारण उसके बैंक से फोन आया। जांच में पता चला कि चेक फर्जी तरीके से नरेंद्र ने तैयार किया था। नरेंद्र के मामा दलीप ने मामले को सुलझा दिया था। अब प्रार्थी को रिर्टन भरवानी थी तो सीए द्वारा प्रार्थी से अपने खाते की पास बुक को 29 जून 2020 को अपडेट करवाई तो स्तब्ध रह गया। खाते से 20 जून 2019 को 100000 रुपये, 22 जून 2019 में 150000 रुपये व आठ जुलाई 2019 को 300000 रुपये निकाले गए थे। पीड़ित का कहना हैं कि चेक कभी जारी नहीं किया। तीनों चेक की फोटो प्रति निकलवाई तो पता चला कि उक्त चेक पर पीड़ित के हस्ताक्षर नहीं हैं। आरोप हैं कि चेक से इतनी बड़ी राशि निकालने के बावजूद कैशियर द्वारा हस्ताक्षरों का मिलान नहीं किया और न ही उसे जानकारी दी गई। खाते से 5.5 लाख रुपये निकाले हुए। शिकायत पर नांगल चौधरी थाना पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य अन्य पर केस दर्ज कर लिया है।