बालाजी चौके नजदीक पीड़ित की बाइक से रुपये का बैग निकालते शातिर।
महेंद्रगढ़। शहर के बालाजी चौक से दो शातिर बदमाश 50 वर्षीय व्यक्ति की बाइक के बैग से दो लाख रुपये चोरी कर ले गए। घटना का सीसीटीवी भी वायरल हो रहा है तथा फुटेज में दो लड़के दिखाई दे रहे हैं जिनमें से एक पीड़ित की बाइक के पास खड़ा हो गया तथा दूसरे ने पीछे से बाइक के बैग से रुपये से भरा थैला चोरी कर लिया।
गांव राजावास निवासी धमेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को करीब 11 बजे सिनेमा रोड स्थित बैंक की शाखा से दो लाख रुपये निकाले थे। राशि निकालने के बाद वह बालाजी चौक पर पहुंचा तो कुछ दूरी पर ही जाम जैसे हालात होने कारण खड़ा हो गया। इसी दौरान उसकी बाइक के बैग से दो लाख रुपये चोरी कर लिए गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल हो रहे 28 सेकेंड के वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो बदमाशों में एक जानबूझकर बाइक के आगे-आगे चलने लगा जिससे व्यक्ति ने बाइक की स्पीड धीमी कर ली। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने महज 15 सकेंड के समय में ही बाइक के बैग से दो लाख रुपये की चोरी कर लिए। चोरों की यह सारी घटना बालाजी चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इनमें से एक शातिर नाबालिग दिखाई दे रहा है।