फोटो संख्या:60- राजकीय महाविद्यालय सतनाली--संवाद
सतनाली। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। विभाग ने 22 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की थी, जिसमें शामिल विद्यार्थी अब 27 जुलाई तक अपनी फीस जमा कर दाखिला पक्का कर सकते हैं। कॉलेजों में फीस जमा करने की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
दाखिला नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को उनकी पसंद का कॉलेज या कोर्स नहीं मिला है, उन्हें जल्दबाजी में फीस जमा करने की जरूरत नहीं है। ऐसे विद्यार्थी अपने प्रवेश फॉर्म में सीट स्थगित करने का विकल्प चुन सकते हैं। इससे उन्हें अगली मेरिट सूची में बेहतर विकल्प मिलने का अवसर रहेगा।
उन्होंने बताया कि दूसरी अनंतिम मेरिट सूची 28 जुलाई को जारी की जाएगी, जबकि अंतिम सूची 29 जुलाई को जारी होगी। इसमें चयनित विद्यार्थियों को 30 जुलाई से 3 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी। इसके बाद 4 अगस्त को खाली सीटों पर प्रत्यक्ष काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। 5 अगस्त से ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खुलेगा, जिससे नए विद्यार्थी पंजीकरण कर सकेंगे। 6 से 12 अगस्त तक विलंब शुल्क के साथ दाखिले जारी रहेंगे।
राजकीय महिला कॉलेज में 280 सीटों के मुकाबले अब तक 88 विद्यार्थियों ने फीस जमा कर दाखिला लिया है। यहां बीए में सबसे अधिक और बीकॉम में सबसे कम दाखिले हुए हैं। वहीं सतनाली राजकीय कॉलेज में पहली सूची के तहत 40 विद्यार्थियों ने फीस जमा की है और 77 आवेदनों का सत्यापन हो चुका है।