महेंद्रगढ़। निर्माण मजदूरों की समस्याओं के समाधान को लेकर भवन निर्माण कामगार यूनियन ने चंडीगढ़ श्रमायुक्त को मांग पत्र भेजा। समस्याओं का समाधान नहीं किया तो 20 मई को नए लेबर कोड के विरोध में मजदूर हड़ताल पर चले जाएंगे। यूनियन के जिला सचिव शिव कुमार ने बताया कि मंगलवार को यूनियन की हिसार में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में यूनियन की तरफ से श्रमायुक्त से प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय मांगा है। उनकी मुख्य मांगें पहले हुई वार्ताओं में खंड स्तर पर मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए कर्मचारी की नियुक्ति का फैसला हुआ था, लेकिन अभी तक लागू नहीं किया गया है। 90 दिन के काम का अधिकार यूनियनों को दिया जाए व तब तक खंड स्तर पर किसी अधिकारी की जिम्मेवारी तय की जाए। बेमानी आपति लगाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो व मजदूर का लाभ दिया जाए। नए पंजीकरण के लिए खंड स्तर जिम्मेदारी तय हो।