कनीना। गांव भोजावास में कुओं पर रहने वाले एक परिवार के साथ मारपीट करके झोपड़ी में आग लगा दी। इससे कृषि यंत्र भी जलकर राख हो गए।
उत्तर प्रदेश के गांव बंगला, जिला पीलीभीत निवासी जयवीर ने कनीना सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि भोजावास गांव में चार-पांच वर्षों से खेत में बने हुए कुएं पर रह रहा है। खेती का कार्य करके परिवार का खर्च चला रहा है। 25 जनवरी को रिहाना बेगम निवासी भोजावास अपने दोनों लड़कों और उसके दोस्तों को लेकर उसके कुएं पर जाकर उसके साथ व बच्चों के साथ मारपीट करने लगे। उसमें उसकी पत्नी की नाक की लौंग भी झगड़े में गुम हो गई थी।
पुलिस व गांव वालों ने बैठकर पांच हजार रुपये हर्जाना देना तय कर दिया था। वह भी नहीं दिया गया। इसके बाद तीन फरवरी को वह खेत में लाइन बदल रहा था। शिकायतकर्ता के बच्चे कुएं पर थे। रेहाना बेगम ने झोपड़ी में आग लगा दी। इससे झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। इसमें एक एकड़ का मिनी फव्वारा सेट, 10 एल्युमीनियम पाइप, 4 हरे पेड़, एक स्प्रे मशीन जलकर राख हो गई। इसके बाद डायल 112 व फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।