जिले में बने एचटेट के केंद्रों पर रविवार को लेवल-1 (पीआरटी) एवं लेवल (टीजीटी) की परीक्षा हुई। लेवल-1 की परीक्षा प्रात:कालीन सत्र में हुई, इसमें 6922 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई।
परीक्षा में जहां डीएवी कालेज कनीना एवं आरपीएस कॉलेज बलाना में क्रमश: 105 और 176 परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा दी और शेष ने ऑफलाइन परीक्षा दी।
शाम को लेवल-2 की परीक्षा में 10,416 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई। इसमें डीएवी कनीना तथा आरपीएस बलाना में परीक्षार्थियों ने एचटेट आनलाइन दिया। शाम के समय इस संख्या की तुलना में आरपीएस में 180 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। प्रात:कालीन सत्र में जब परीक्षा शुरू हुई, तब अभ्यर्थी समय से काफी पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे, इससे लंबी कतारें लग गईं।
पुलिसवालों ने निकाली हवा :
पुलिस ने वाहनों को परीक्षा केंद्र से 200 मीटर दूरी पर ही रोक दिया था, जो वाहन लेकर आगे तक गए, उनके वाहनों की पुलिसवालों ने हवा निकाल दी। ऐसे परीक्षार्थियों को हवा कराने के लिए मोटरसाइकिल समेत धक्के खाने पड़े।
सत्यापन में आई कठिनाई:
केंद्र पर लगी लाइनों में अनेक अभ्यर्थी ऐसे थे, जो आईडी अटेस्ट करवाकर नहीं लाए थे। ऐसे अभ्यर्थियों को सत्यापन में बड़ी कठिनाई आई। सीएल स्कूल नारनौल में भी अनेक अभ्यर्थी ऐसे पहुंचे, जिनकी आईडी सत्यापित नहीं थी। वहां पर मौजूद डीएसपी राजेश कुमार ने ऐसे परीक्षार्थियों की मदद की और उनकी आईडी सत्यापित की।
उतरवाए जूते और बेल्ट:
एचटेट के लिए परीक्षा केंद्रों पर रविवार को भारी चेकिंग की गई। सख्ती इतनी ज्यादा बरती गई कि मोबाइल एवं पर्स तो रखवाए ही। साथ में परीक्षार्थियों के जूते, जुराब एवं बेल्ट भी उतरवा लिए गए। परीक्षार्थियों को नंगे पैर परीक्षा केंद्र के अंदर जाना पड़ा।
ट्रैफिक रूट किए डायवर्ट
परीक्षा के दौरान महेंद्रगढ़ से नारनौल के बीच की दूरी में समय कम लगे और जाम की स्थिति न बने इसके लिए भारी वाहनों को दिनभर के लिए दो स्थानों से डायवर्ट कर दिया गया था। नारनौल में बाईपास और महेंद्रगढ़ के आकौदा के पास ही भारी वाहनों को रोक दिया गया था। शनिवार को नांगल सिरोही में एसपी मनीषा चौधरी जाम में फंस गईं थीं। वहीं नांगल सिरोही में भी ट्रैफिक सुचारु रखने के लिए 8 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
एसपी खुद भी रहीं मुस्तैद :
पेपर लीक जैसा दाग जिला महेंद्रगढ़ के माथे पर न लग जाए, इसके लिए पुलिस महकमा भी काफी चौकस रहा। रात भर विभिन्न ठिकानों पर पुलिस जहां दौड़ती रही, वहीं दिन में बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन एवं अन्य जगहों पर पुलिस को तैनात किया गया। अनेक पुलिस कर्मी साधारण ड्रेस में अपनी पहचान छुपाकर निगरानी करते रहे। पेपर लेकर कोई भाग न जाए, इसके लिए नारनौल में 8 नाके तथा महेंद्रगढ़ में 5 जगहों पर नाके लगाए गए। 700 पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया, वहीं जिले में छह डीएसपी भी चेकिंग में लगे रहे। स्वयं एसपी मनीषा चौधरी ने दिनभर विभिन्न नाकों एवं परीक्षा केंद्र पर जाकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेती रही।
महेंद्रगढ़ जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है। कहीं से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। - रमेश कुमार, अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नारनौल