स्वच्छता सर्वेक्षण दो मार्च से शुरू होगा। इसे देखते हुए नगर परिषद नारनौल की तैयारियां धीमी चल रही है। नप में सफाई निरीक्षक का पद लंबे समय से खाली पड़ा है। ऐसे में सफाई संबंधी कार्यों को बेहतर तरीके से अमलीजामा नहीं पहनाया जा रहा है। ऐसे में शहर को अच्छी रैकिंग कैसे मिलेगी।
बता दें कि डीएमसी डॉ. जेके आभारी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर सभी नप और नपा को जरूरी कदम उठाने का निर्देश दे चुके हैं। लेकिन, धरातल पर सफाई संबंधी कार्य धीमी गति से चल रहे है। नारनौल शहर में गंदगी के साथ सार्वजनिक शौचालयों का हाल बुरा है। शहर के अंदर के साथ मेन रोड के शौचालयों की हालात खराब है। गंदे होने से लोग इसका प्रयोग भी नहीं करते। शहर में महेंद्रगढ़ रोड और टीबी अस्पताल के पास स्थित शौचालयों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। ऐसे ही हालात अन्य शौचालयों के हैं। लोगों का कहना हैं कि नप सफाई को लेकर गंभीर नहीं है। स्वच्छता सर्वेक्षण सिर पर होने के बावजूद भी शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं है। ऐसे में स्वच्छता सर्वेक्षण शहर को अच्छी रैंक कैसे मिलेगी।
दूसरी ओर नप में सफाई निरीक्षक का पद लंबे समय से खाली पड़ा है। करीब पांच माह पहले नप में मुख्य सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षक थे, लेकिन एक भी निरीक्षक नहीं है। ऐसे में सफाई संबंधी कार्यों को अन्य कर्मचारियों को सौंपा गया है। इससे शहर में सफाई संबंधी कार्यों को सही तरीके से अमलीजामा नहीं पहनाया जा पा रहा है। अगले माह से स्वच्छता सर्वे होना है। वहीं इसे लेकर लोगों को जागरुक करने का अभियान भी धीमी गति से चल रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के तहत मार्च में टीम कभी भी शहर में आकर सफाई व्यवस्था की जांच और लोगों से इसके बारे में जानकारी लेगी। नप का प्रयास हैं कि डोर-टू- डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य पूरी तरह से हो। सब्जी मंडी में कूूड़ेदान रखवाने की तैयारी है।
15 वाहन कार्य में लगे
नप डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए 20 नए वाहन लिए थे, लेकिन चालक के अभाव में इनका उपयोग नहीं हो पा रहा था। पिछले माह चालक उपलब्ध होने के बाद कूड़ा वाहनों को मोहल्लों में भेजने की योजना पर काम शुरू हुआ है। इसमें अभी तक करीब 15 कूड़ा वाहनों को काम पर लगाया गया है। अन्य वाहनों को भी ठीक कराया जा रहा है। इसके बाद वार्डों में सही तरीके कूड़ा उठाने का काम शुरू हो जाएगा।
स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। उम्मीद हैं कि इस साल भी सर्वेक्षण में नप को अच्छी रैंकिंग मिलेगी। सफाई निरीक्षक के स्थान पर दूसरे कर्मचारी को लगाया गया है। शहर में सफाई को बेहतर करने का काम चल रहा है। मेन सड़कों को साफ कराया जा रहा है। लोगों को भी स्वच्छता सर्वेक्षण में नप का सहयोग करना चाहिए।
-भारती सैनी, नप चेयरपर्सन