फोटो संख्या:58- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में लगी मरीजों की लंबी लाइन--संवाद
महेंद्रगढ़। बढ़ती गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। नागरिक अस्पताल में इन दिनों पेट दर्द, गैस, अपच और संक्रमण जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। अस्पताल की ओपीडी प्रतिदिन 500 का आंकड़ा पार कर चुकी है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बन गया है।
सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। प्रतिदिन लगभग 50 से अधिक मरीज पेट संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, बदलते मौसम के साथ खानपान में लापरवाही और दूषित पानी का सेवन इन बीमारियों का प्रमुख कारण बन रहा है। विशेष रूप से बच्चे और बुजुर्ग इस स्थिति से अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में कार्यरत डॉ. मोहित ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस मौसम में बाहर का खुला, बासी और तला-भुना भोजन खाने से बचना चाहिए। साथ ही स्वच्छ और उबला हुआ पानी पीना बेहद जरूरी है। उन्होंने फास्ट फूड से दूरी बनाने और नींबू पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं ताकि किसी को परेशानी न हो। डॉक्टरों का कहना है कि पेट दर्द को हल्के में न लें और समय पर अस्पताल पहुंचकर इलाज करवाएं जिससे गंभीर स्थिति से बचा जा सके।