जिले के नागरिक अस्पताल को जल्द ट्रामा सेंटर का दर्जा मिलेगा। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग चंडीगढ़ मुख्यालय के अधिकारियों ने सहमति जता दी है। अब ट्रामा सेंटर बनाने की मात्र चंद औपचारिकताएं शेष हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सब कुछ सही रहा तो नागरिक अस्पताल को ट्रामा सेंटर का दर्जा मिल जाएगा। इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी गई है। प्रथम चरण में प्रदेश सरकार की ओर से आवंटित की गई पचास लाख रुपये की राशि से अस्पताल भवन की मरम्मत व सड़क बनाने का काम शुरू किया गया है। विभाग द्वारा अस्पताल को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है। आपातकाल विभाग में नई एक्स-रे मशीन लगाई गई है। ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए पुराने भवन में पहले से ही एक्स रे मशीन मौजूद है। इसके अलावा सीटी स्कैन मशीन के उपकरण भी आ चुके हैं। गौरतलब है कि नागरिक अस्पताल को ट्रामा सेंटर का दर्जा देने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। सुविधाओं के अभाव में वर्तमान में नागरिक अस्पताल यहां आने वाले मरीजों व घायलों को हाई सेंटर रेफर करने का जरिया मात्र बनकर रह गया था। ट्रामा सेंटर बनने के बाद यहां जिले के लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। साथ ही हादसों में घायल लोगों को हायर सेंटर रेफर नहीं करना पड़ेगा।