नारनौल। नागरिक अस्पताल में मंगलवार को कैंप के गर्भवती महिलाओं द्वारा किए गए हंमागे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने महिला मरीजों के बैठने के लिए टेंट, कुर्सी व पंखों आदि का इंतजाम किया है। वहीं महिला मरीजों को बिना किसी भेदभाव के नंबर अनुसार चिकित्सकों द्वारा देखा गया।
बता दें कि मंगलवार को गर्भवती महिलाओं के लिए लगे कैंप में महिलाओं ने अस्पताल कर्मियों द्वारा अपने परिचितों को बिना नंबर के अंदर भेजने को लेकर हंगामा कर दिया था। महिलाओं का आरोप था कि अस्पताल कर्मी अपने परिचितों को बिना नंबर लगवा रहे हैं। जबकि अन्य महिलाओं को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा उनके बैठने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं है। महिलाओं के हंगामे के बाद स्वास्थ्य विभाग प्रशासन ने मामले में संज्ञात लेते हुए प्रसूति वार्ड के बाहर टैंट लगाकर कुर्सियां व पंखे लगवाए है ताकि महिलाओं को भीषण गर्मी खड़े होकर अपने नंबर का इंतजार न करना पड़े।
महिलाओं की परेशानी का देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने महिलाओं के लिए टैंट लगवाकर उसमें कुर्सियां व पंखे लगवाए है। इसके अलावा नंबर अनुसार महिलाओं को अंदर भेजा गया। आगे भी महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
-केएम शर्मा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, नागरिक अस्पताल, नारनौल।