महेंद्रगढ़। सुबह अंधड़ व खराब मौसम होने से बाइक का संतुलन बिगड़ जाने से पेड़ से टकराने के कारण एक होमगार्ड की मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल हो गया।
वीरवार सुबह करीब चार बजे भांडोर व कोथल खुर्द के नजदीक हुई सड़क दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने होमगार्ड सचिन को मृत घोषित कर दिया। घायल विकास को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया। पुलिस को दिए बयान में गांव पटीकरा निवासी मुकेश ने बताया कि उसका बेटा सचिन बतौर होमगार्ड जवान पुलिस लाइन नारनौल में तैनात था।
बुधवार को वह अपने भतीजे विकास के साथ डयूटी करके बाइक पर सवार अपनी रिश्तेदारी कोथल खुर्द में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। वीरवार सुबह सचिन व विकास पटीकरा जाते समय मौसम खराब होने से बाइक का संतुलन बिगड़ने से पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों बाइक से गिर गए। सचिन के सिर में चोट लगी। एंबुलेंस की मदद से दोनों को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। विकास को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने मुकेश कुमार के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।