जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का धरना मंगलवार को बार एसोसिएशन के प्रधान अशोक यादव की अध्यक्षता में 35 वें दिन भी जारी रहा। वकीलों की हड़ताल और विरोध को देखते हुए हाई कोर्ट के जज का नारनौल कोर्ट के निरीक्षण का कार्य टल गया है।
बता दें कि जिला बार एसोसिएशन नारनौल के अधिवक्ता 35 दिनों से लगातार कोर्ट परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं। अधिवक्ताओं की मांग हैं कि जिले का नाम नारनौल किया जाए और जिला मुख्यालय में कोई बदलाव न हो। साथ ही सेशन डिविजन नारनौल के विभाजन न हो। इस बात को लेकर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने वार्षिक तौर पर होने वाले हाई कोर्ट के निरीक्षण कार्य का भी बहिष्कार करने का निर्णय लिया हुआ है। हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति को नौ व 10 मार्च को नारनौल के सभी न्यायालय व न्यायिक परिसर का निरीक्षण करना था। जिसका चार दिनों से बार एसोसिएशन विरोध कर रही है और उनके दौरे का बहिष्कार करने का निर्णय लिया हुआ है। इसे देखते हुए मंगलवार को हाई कोर्ट के जज नारनौल नहीं पहुंचे। दूसरी ओर मंगलवार की 10 बजे धरना स्थल पर सभी अधिवक्ता साथी अधिवक्ता व पूर्व सांसद मनोहर लाल सैनी के निधन पर शोक सभा का आयोजन कर दो मिनट का मौन धारण किया। वहीं अधिवक्ताओं ने विरोध स्वरूप अदालती कार्य का बहिष्कार करते हुए धरने पर बैठे रहे।